जोधपुरः मंत्री शेखावत से मुलाकात के बाद बनी सहमती, काम पर लौटे एम्स के डॉक्टर्स

जोधपुर एम्स जोधपुर में पिछले कई दिनों से चल रही रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मिले आश्वासन के बाद समाप्ता हो गई है.
जोधपुर एम्स जोधपुर में पिछले कई दिनों से चल रही रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई. केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की पहल के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों और एम्स प्रशासन के बीच मांगों को लेकर सहमति बनी. शेखावत रविवार को एम्स जोधपुर पहुंचे और हड़ताल कर रहे डॉक्टरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना. इसके बाद डॉक्टरों की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया.
डॉक्टर्स की हड़ताल समाप्त होने से एम्स में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. आपको बता दें कि पिछले कई दिनों से हड़ताल के चलते चिकित्सा सेवाओं पर असर पड़ा था और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
एम्स जोधपुर के निदेशक को हटाया गया
इसी बीच एम्स जोधपुर के निदेशक प्रो. गोवर्धन दत्त पुरी को पद से हटाने का निर्णय भी सामने आया है. जानकारी के अनुसार जम्मू एम्स के निदेशक डॉ. सिन्हा को जोधपुर एम्स के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है. हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर इस संबंध में विस्तृत आदेश के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी.
रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल के डॉक्टरों ने शुरू की थी हड़ताल
दरअसल, रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. राज नरेश यादव की मौत के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू की थी. रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य परिस्थितियों, ड्यूटी व्यवस्था, चिकित्सकों की सुरक्षा और गरिमा से जुड़े कई मुद्दे उठाए थे. डॉक्टरों का कहना था कि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई जरूरी है.
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने डॉक्टर्स को दिया आश्वासन
वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री शेखावत ने डॉक्टरों को उनकी मांगों के समाधान को लेकर गंभीर कार्रवाई का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि एम्स जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सा संस्थान में डॉक्टरों की सुरक्षा, गरिमा और बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करना जरूरी है.
सहमति बनने के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की. डॉक्टरों के काम पर लौटने के साथ ही एम्स जोधपुर में चिकित्सा सेवाओं के धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है. अब मरीजों को नियमित उपचार और चिकित्सा सेवाएं पहले की तरह उपलब्ध कराने पर फोकस रहेगा.
